Can Damlaları

उस्मानी सुल्तानों से संवेदनशीलता के सबक़

इस्तांबुल में एक धूप भरे दिन की सुबह, तोपकापी महल के आँगन में स्थित ख़ास कक्ष का दरवाज़ा खुला। एक लंबे क़द का युवक पिछले बाग़ की ओर बढ़ रहा था। यह व्यक्ति यूरोप को थर्राने वाले और विशाल भूमध्य सागर को अपने अधिकार में लेने वाले उस्मानी राज्य के प्रतापी शासक क़ानूनी सुल्तान सुलैमान के सिवा कोई और नहीं था। राजकाज से जब भी समय मिलता, वे दम लेने के लिए पिछले बाग़ में निकल आते, पेड़ों, पक्षियों और समुद्र को निहारा करते थे।

उस दिन समुद्र और पेड़ कुछ और ही सुंदर थे, पर उन्होंने ध्यान दिया कि कुछ पेड़ों की पत्तियाँ मुरझाकर सिकुड़ी हुई हैं। तुरंत उनके पास गए और हाथ से पकड़कर जाँचने लगे। थोड़ी देर में समझ गए कि पेड़ क्यों सिकुड़ गए हैं। चींटियों ने उन सुंदर टहनियों को घेर लिया था। उनके मन में एक उपाय आया। पेड़ों पर दवा छिड़कवाएँगे। इस तरह पेड़ चींटियों से छुटकारा पाएँगे और राहत की साँस लेंगे। परंतु कुछ मिनट और सोचने पर समझ गए कि यह विचार इतना अच्छा नहीं है। चींटियाँ भी जान रखती थीं, पेड़ों पर दवा छिड़कवाने से वे मर सकती थीं। इस उलझन से बाहर न निकल पाने की बात समझकर क़ानूनी इस विषय पर परामर्श के लिए अपने उस्ताद अबू सुऊद एफ़ेंदी को ढूँढने निकले। उस्ताद के कक्ष में गए। परंतु उस्ताद कक्ष में नहीं थे। वहीं मिले एक काग़ज़ के टुकड़े पर अपने मन में अटके प्रश्न को साहित्यिक शैली में लिखा और उस्ताद के रेहल पर रख दिया।
कुछ घंटे बाद उस्ताद अपने कक्ष में आए और रेहल पर हस्तलिखित काग़ज़ देखा। हाथ में ख़त की क़लम लेकर अबू सुऊद एफ़ेंदी ने अपने शिष्य के प्रश्न लिखे काग़ज़ के नीचे कुछ लिखा और काग़ज़ को रेहल पर छोड़ दिया।
क़ानूनी किसी समय फिर उस्ताद के कक्ष में आए। उस्ताद फिर अपनी जगह पर नहीं थे; परंतु उन्होंने रेहल पर रखे काग़ज़ पर अपने लिखे के अलावा कुछ और लिखा हुआ देखा। उत्सुकता से काग़ज़ उठाया और पढ़ने लगे। लिखा पढ़ते ही उनके चेहरे पर मुस्कान उभर आई। काग़ज़ के ऊपरी भाग में क़ानूनी का उस्ताद को लिखा प्रश्न था।

क़ानूनी अपने उस्ताद से यों कह रहे थे:

फलों के पेड़ों को जब चींटी घेर ले
क्या गुनाह है चींटी को मार देने में?

उस्ताद अबू सुऊद प्रश्न का उत्तर यों दे रहे थे:

कल जब हक़ के दरबार में पहुँचोगे
सुलैमान से चींटी अपना हक़ ले लेगी